गिरिडीह में शहीद सीताराम उपाध्याय को दी गई श्रद्धांजलि
गिरिडीह। कैपफ वॉरियर्स ग्रुप, गिरिडीह द्वारा आज शहीद सीताराम उपाध्याय पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया और शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहीद की याद में किया गया था और इसमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप महापौर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद कभी मरते नहीं; उनका साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद सीताराम उपाध्याय का त्याग राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का संदेश देता है और युवाओं से अपील की कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उपायुक्त ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और बताया कि जिला प्रशासन शहीद परिवारों के सम्मान व सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
पुलिस अधीक्षक डाॅ विमल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने CAPF वॉरियर्स ग्रुप द्वारा आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी शहीद सीताराम उपाध्याय के जीवन संघर्ष, कर्तव्यपरायणता और वीरता का उल्लेख करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रनायक बताया। सभा के समापन पर पुष्पांजलि व एक मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

