गिरिडीह में सफाई व्यवस्था होगी और मजबूत, मेयर-डिप्टी मेयर ने सफाई कर्मियों संग की बैठक

गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने आकांक्षा संस्था से जुड़े सफाई कर्मियों एवं वाहन चालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सफाई कर्मियों की संख्या, मानदेय, सुरक्षा व्यवस्था समेत उनकी बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मेयर और डिप्टी मेयर ने सफाई मित्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि सफाई कर्मियों की जो भी कमी है, उसे दूर किया जाए, ताकि नगर निगम के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुचारू और प्रभावी तरीके से चल सके।
आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मेयर ने कहा कि शहर की साफ-सफाई नगर निगम की प्राथमिकता है और किसी भी वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में आकांक्षा कर्मियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने पर भी जोर दिया गया, ताकि सफाई कर्मियों की पहचान स्पष्ट रहे और कार्य व्यवस्था में अनुशासन बना रहे। मेयर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य सभी वार्डों में समान रूप से विकास और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जनता के साथ-साथ निगम के कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का भी समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। बैठक में आलोक सिंह, नवीन सिंह, उमेश, आफताब, अभिजीत समेत आकांक्षा के कर्मी मौजूद रहे।