गिरिडीह में साइबर अपराधियों के ख़िलाफ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 11 मोबाइल-5 बाइक जब्त

गिरिडीह में साइबर अपराधियों के ख़िलाफ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 11 मोबाइल-5 बाइक जब्त

गिरिडीह. गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने बेंगाबाद के इलाके में छापेमारी कर 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी आबिद खां के नेतृत्व में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चरनबारी, कोठाहरिया जंगल में छापामारी कर 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अपराधियों में महेंद्र कुमार मंडल (28) पिता हरि मंडल ग्राम-रातोडीह, कृष्णा कुमार मंडल (24) पिता स्व. तुलसी मंडल ग्राम-साठीबाद, ईश्वर मंडल (28) पिता स्व. नकुल मंडल ग्राम-विष्णुपुर, पंकज कुमार मंडल (19) पिता अशोक मंडल ग्राम-विष्णुपुर, रंजीत कुमार मंडल (19) पिता अमृत मंडल ग्राम-विष्णुपुर और आदित्य कुमार मंडल उर्फ राजा बाबू (19) पिता ओम प्रकाश मंडल ग्राम-विष्णुपुर, सभी थाना बेंगाबाद के रहने वाले हैं. एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी फर्जी APK फाइल का लिंक भेजकर लोगों को झांसे में लेते थे. लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक कर बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे. पुलिस ने इन सभी अपराधियों के पास से 11 मोबाइल, 13 सिम कार्ड और 5 बाइक बरामद किया है. जिसमे गिरफ्तार साइबर अपराधियों में कृष्णा मंडल गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या-38/2023 एवं 43/2023 में पहले भी जेल जा चुका है. वहीं महेंद्र कुमार मंडल सफदरगंज थाना, दिल्ली से साइबर अपराध में जेल जा चुका है. छापामारी दल में साइबर डीएसपी आबिद खां, साइबर थाना प्रभारी पुणनि रामेश्वर भगत, पु.अ.नि. गुंजन कुमार, स.अ.नि. संजय मुर्मियार, हवलदार हकिमुद्दीन अंसारी, अमरनाथ प्रसाद समेत पुलिस केंद्र का सशस्त्र बल शामिल थे. इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या-10-14/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. एसपी डॉ. बिमल कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी की आशंका पर तुरंत साइबर थाना या हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें.