गिरिडीह में रोटरी क्लब और साईं परमेश्वर हॉस्पिटल का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
गिरिडीह। रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर और साईं परमेश्वर हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को बस स्टैंड स्थित स्नेहदीप वृद्धा आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जरूरतमंदों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में डॉ. रवि कांत, डॉ. कुमारी वंदना और डॉ. संजय कुमार यादव ने सेवाएं दीं। इस दौरान गैस्ट्रो एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, स्त्री रोग तथा हड्डी रोग से संबंधित समस्याओं की जांच की गई। निःशुल्क जांच और परामर्श से जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिली।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना और समय पर बीमारियों की पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार तरवे, सचिव अनिल कुमार मिश्रा, अनिल गुप्ता, आकाश रोशन, सुजय राज गुप्ता और रंजीत लाल सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।

