गिरिडीह में राम जानकी मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा शुरू, भव्य कलश यात्रा में उमड़ी भक्तों की भीड़
गिरिडीह में राम जानकी मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा शुरू, भव्य कलश यात्रा में उमड़ी भक्तों की भीड़
गिरिडीह शहर के बड़ा चौक स्थित महावीर मंदिर में राम जानकी मंदिर के पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत गुरुवार को हुई। गुरुवार की सुबह सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने भव्य कलश यात्रा निकाली। महावीर मंदिर से यात्रा शुरू करके भक्त महिलाएं उसरी नदी के तट पर पहुँचीं और कलश में जल लेकर शहर के मुख्य मार्गो का भ्रमण किया। इस दौरान जय श्री राम के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
गौरतलब है कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष अनुष्ठान और कार्यक्रम करने की तैयारी जोर शोर से की जा रही है। इसी अवसर पर गिरिडीह के महावीर मंदिर में राम जानकी मंदिर का निर्माण किया गया है। इसका प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 18 से लेकर 22 जनवरी तक चलेगा। प्रत्येक दिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। 22 जनवरी को महाआरती के साथ प्रसाद वितरण किया जाएगा। 23 जनवरी को भव्य भंडारा का आयोजन होगा। प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के प्रमुख और भाजपा नेता दिनेश यादव ने पूरे आयोजन की जानकारी दी।
