गिरिडीह में पांच-कुंडीय गायत्री महायज्ञ, 100 श्रद्धालुओं ने दी आहुति

अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह के तत्वावधान में कचहरी चौक के बजरंगबली मंदिर परिसर में अखंड दीप शताब्दी वर्ष-2026 के अंतर्गत पांच-कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह की बहनों ने किया।
गुरु एवं गायत्री की वंदना के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में 33 करोड़ देवी-देवताओं का आवाहन किया गया। इसके बाद लगभग 100 भाई-बहनों ने स्वयं हाथों से आहुतियां देकर सभी के उज्जवल भविष्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। गायत्री परिवार ने बताया कि अब तक शहर में कुल 13 स्थानों पर ऐसे पांच-कुंडीय महायज्ञ सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
इस मौके पर महिला मंडल की सक्रिय सदस्य भारती कुमारी ने कहा कि जन-जन को सद्बुद्धि, सद्ज्ञान और विवेक की देवी मां गायत्री की उपासना अवश्य करनी चाहिए, जिससे जीवन के संकट और दुर्भाव समाप्त हों।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य प्रबंधक कामेश्वर सिंह, महिला मंडल जिला समन्वयक सुमन गुप्ता, वार्ड पार्षद आरती गुप्ता, पूर्व पार्षद पुनम बरनवाल सहित उर्मिला बरनवाल, बीना गुप्ता, पूनम राम, सुचित्रा देवी, अनीता देवी, भागवत राम, सुरेंद्र बरनवाल एवं गायत्री परिवार के अनेक सदस्य सक्रिय रहे।
अधिकारियों ने बताया कि अखंड दीप शताब्दी एवं परम वंदनीया माता जी के जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में यह श्रृंखला चलते रहने की योजना है।