गिरिडीह में निशुल्क चिकित्सा शिविर, 50 से अधिक मरीजों की हुई जांच व इलाज

गिरिडीह में निशुल्क चिकित्सा शिविर, 50 से अधिक मरीजों की हुई जांच व इलाज

गिरिडीह, 31 अगस्त। शहर के गिरिडीह क्लीनिक में सोमवार को डॉ. प्रदीप सहाय की ओर से वार्षिक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर उनके पिता स्व. डॉ. यू. सहाय, माता स्व. प्रेमकुमारी सहाय, ससुर स्व. जे.पी. विरनवे एवं सास स्व. श्यामा देवी की स्मृति एवं सम्मान में आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले शिविर में 50 से अधिक मरीजों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर में मरीजों की जरूरत के अनुसार एक्स-रे, ईसीजी, पैथोलॉजी जांच, HbA1c, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल, बीएमडी और स्पाइरोमेट्री जैसी विभिन्न जांच निशुल्क की गईं। इसके अलावा मरीजों को आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं और अल्पाहार की व्यवस्था की गई। शिविर में जांच और उपचार कराने वाले मरीजों को एक सप्ताह बाद दोबारा चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन में संतोष सिंह, विनोद कंपाउंडर, धर्मेंद्र, मुन्ना सहित कई लोगों ने सहयोग किया। आयोजकों ने बताया कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराना शिविर का मुख्य उद्देश्य है।