गिरिडीह में मनाया गया पेंशन पुनर्बहाली दिवस, OPS की बहाली को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

गिरिडीह में JHAROTEF प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर जिले भर के शिक्षकों और कर्मचारियों ने मंगलवार को पेंशन पुनर्बहाली दिवस यानी OPS Restoration Day मनाया। झारखंड में एक सितंबर 2022 को पुरानी पेंशन योजना की बहाली के चार वर्ष पूरे होने के मौके पर विभिन्न विभागों के कार्यालयों और विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल हुए। वक्ताओं ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली को कर्मचारियों के लंबे और संगठित संघर्ष की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इस दौरान कर्मचारी हित में निर्णय लेने के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया गया।

चतुर्थ पेंशन पुनर्बहाली दिवस के मौके पर केक काटकर खुशी का इजहार किया गया। साथ ही कर्मचारियों ने अपने अधिकारों और लंबित मांगों की पूर्ति के लिए आगे भी एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

जिला कमेटी ने कहा कि OPS की बहाली कर्मचारियों के आंदोलन की बड़ी जीत है, लेकिन इसे संघर्ष का अंत नहीं माना जा सकता। कमेटी ने शिक्षक संवर्ग के लिए MACP, राज्य कर्मियों के लिए शिशु शिक्षण भत्ता, सभी कर्मचारियों के लिए परिवहन भत्ता और सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष किए जाने समेत अन्य मांगों को उठाया।

जिला कमेटी के अनुसार, OPS की उपलब्धि अंत नहीं, बल्कि कर्मचारियों के अन्य लंबित अधिकारों की प्राप्ति के संघर्ष की नई शुरुआत है। कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता को आगे भी बनाए रखने का संकल्प लिया।

अंत में जिला कमेटी ने जिले के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों को पेंशन पुनर्बहाली दिवस की शुभकामनाएं दीं और कर्मचारी हितों के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।