गिरिडीह में JPSC-JSSC धांधली मामले में CID की कार्रवाई, फरार सौरभ के घर चिपकाया इश्तेहार
गिरिडीह
जेपीएससी-जेएसएससी धांधली में CID का शिकंजा तेज, फरार सौरभ के घर चिपका इश्तेहार
बेंगाबाद के हाथबोर स्थित पैतृक आवास पर पहुंची CID टीम, सरेंडर नहीं किया तो बढ़ेगी कानूनी कार्रवाई की मुश्किलें
जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़ी कथित धांधली के मामले में फरार चल रहे सौरभ कुमार उर्फ सौरभ पांडेय पर अब सीआईडी ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सीआईडी की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बेंगाबाद थाना क्षेत्र के हाथबोर गांव स्थित सौरभ के पैतृक आवास पर इश्तेहार चिपकाया। इश्तेहार के जरिए सौरभ को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है।
यह कार्रवाई सीआईडी थाना रांची केस नंबर 16/26 से संबंधित बताई जा रही है। सीआईडी के अनुसार सौरभ कुमार इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त है और लंबे समय से फरार चल रहा है। गिरफ्तारी नहीं होने के बाद जांच एजेंसी ने अब उसके घर पर इश्तेहार चिपकाकर कानूनी दबाव बढ़ा दिया है।
घर पर इश्तेहार, इलाके में मची हलचल
बुधवार को सीआईडी की टीम हाथबोर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सौरभ के पैतृक घर पर इश्तेहार चिपकाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मामले से जुड़ी जानकारी भी जुटाई। इश्तेहार के माध्यम से स्पष्ट किया गया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत सौरभ को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करना होगा। ऐसा नहीं करने पर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद खुली जांच की नई कड़ी
बताया जाता है कि जेएसएससी-सीजीएल कथित धांधली मामले में अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बेंगाबाद तक पहुंचा था। इसके बाद मामले से जुड़े लोगों और संदिग्ध कड़ियों की पड़ताल शुरू हुई।
जांच के क्रम में अभय तिवारी के ससुर एवं हाथबोर निवासी विकास पांडेय से भी पूछताछ किए जाने की बात सामने आई थी। वहीं अभय तिवारी की पत्नी की गिरफ्तारी भी इसी जांच से जुड़ी बताई गई है।
इसी क्रम में अभय तिवारी के साले सौरभ कुमार उर्फ सौरभ पांडेय का नाम जांच के दायरे में आया। इसके बाद से उसके फरार रहने की बात कही जा रही है। अब सीआईडी ने उसके पैतृक आवास पर इश्तेहार चिपकाकर यह साफ कर दिया है कि जांच एजेंसी मामले को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है।
बेंगाबाद तक पहुंची धांधली की जांच, कई नाम जांच के घेरे में
मामले की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। सीआईडी द्वारा बेंगाबाद थाना क्षेत्र के अभ्यर्थी समीर कुमार उर्फ शालू को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा जांच एजेंसी मामले से जुड़े अन्य लोगों और संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
जेपीएससी-जेएसएससी जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के आरोपों ने पहले ही व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। अब बेंगाबाद में फरार आरोपी के घर इश्तेहार चिपकाए जाने के बाद इस पूरे प्रकरण की जांच और कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिक गई हैं

