बिशनपुर में ड्रेनेज सिस्टम को लेकर फिर विवाद, फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रभावित

बिशनपुर में ड्रेनेज सिस्टम को लेकर फिर विवाद, फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रभावित।

गिरिडीह। पचम्बा थाना क्षेत्र के बिशनपुर में फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम को लेकर एक बार फिर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पानी निकासी को लेकर बिशनपुर मुख्य मार्ग के निवासियों और डांडियाडीह के लोगों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। विवाद के कारण सड़क निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

बताया जा रहा है कि ड्रेनेज को लेकर इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है और मामला थाना पुलिस तक पहुंचा था। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था।

बिशनपुर मुख्य मार्ग के निवासियों का कहना है कि यदि नाले के पानी को डांडियाडीह की ओर नहीं निकाला गया, तो नाले का पानी मुख्य सड़क पर जमा रहेगा। इससे सड़क पर लगातार जलजमाव होगा और सड़क खराब होने की आशंका है।

वहीं, डांडियाडीह के लोगों का कहना है कि उनके क्षेत्र में पानी निकासी के लिए पर्याप्त ड्रेनेज सिस्टम नहीं है। मुख्य सड़क का पानी पहले से ही उनके घरों और खेतों की ओर पहुंचता है। ऐसे में यदि बिशनपुर के नाले को डांडियाडीह की ओर जोड़ दिया जाता है, तो जलजमाव की समस्या और बढ़ सकती है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही पानी भरा हुआ है।

वहीं, सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के कर्मी का कहना है कि प्रशासनिक बैठक में यह बात तय हुई थी कि पानी जहां पहले से जाता आ रहा है, उसे उसी दिशा में बहने दिया जाएगा। इसी सहमति के आधार पर ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर काम किया जा रहा है।

हालांकि, बिशनपुर के लोगों का कहना है कि यदि नाले का पानी डांडियाडीह की ओर नहीं निकाला गया, तो मुख्य सड़क पर करीब 24 घंटे तक पानी जमा रह सकता है, जिससे सड़क निर्माण और उसकी मजबूती पर असर पड़ेगा।