गिरिडीह में दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, हुट्टी बाजार पूजा समिति का हुआ गठन; दिनेश यादव अध्यक्ष चुने गए
गिरिडीह। शहर के हुट्टी बाजार रविदास मोहल्ला में दुर्गा पूजा को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार की देर शाम हुट्टी बाजार स्थित साहू धर्मशाला में पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दुर्गा पूजा की तैयारियों, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पूजा समिति का गठन भी किया गया, जिसमें दिनेश प्रसाद यादव को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर दीपक कुमार साहु, बिनोद केशरी और जीवन दास को जिम्मेदारी दी गई, जबकि नारायण दास को सचिव बनाया गया।
बैठक में दुर्गा पूजा 2025 के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पूजा आयोजन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव रखे। समिति ने कहा कि पूजा के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मौजूद लोगों ने दुर्गा पूजा को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया।

