गिरिडीह में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने की कार्रवाई, पोकलेन समेत तीन ट्रैक्टर जब्त

गिरिडीह में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने की कार्रवाई, पोकलेन समेत तीन ट्रैक्टर जब्त
गिरिडीह में पत्थर के अवैध खनन मामले में प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की है.

गिरिडीह: जिले के देवरी अंचल में पत्थर के अवैध खनन की खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन ने कार्रवाई की है. डीसी रामनिवास यादव के निर्देश पर देवरी के अंचलाधिकारी ने छापेमारी की है. छापेमारी के दौरान अवैध खनन कार्य पाया गया. प्रशासन की टीम ने मौके से एक पोकलेन और तीन ट्रैक्टर को जब्त किया है. इस मामले को लेकर अंचलाधिकारी के आवेदन पर हीरोडीह थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. इस कार्रवाई की पुष्टि हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र ने की है.

‘दिन में बिछता है विस्फोटक, शाम में विस्फोट, रात में हाइवा से ढुलाई, ऐसे प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं माफिया’ . डीसी रामनिवास यादव के साथ साथ एसपी डॉ. बिमल कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लिया. डीसी ने देवरी अंचलाधिकारी को मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र का बयान.
डीसी का निर्देश मिलने के बाद सीओ शुक्रवार की शाम को ही किसगो-गिद्धा इलाके में पहुंचे. सीओ जब क्षेत्र में पहुंचे तो देखा कि दिन में ही अवैध खनन किया जा रहा है. उन्होंने फौरन मौके पर तीन ट्रैक्टर, एक हाइवा और पोकलेन को जब्त कर लिया और हीरोडीह थाना में आवेदन दिया. सीओ के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई.

मशीन-हाइवा लेकर माफिया फरार, पोकलेन जब्त

जिन वाहनों का सीजर सीओ ने दिया था उसे लाने के लिए पुलिस की टीम को उस अवैध खदान में भेजा गया. पुलिस जब पहुंची तो देखा कि वाहन और पोकलेन है ही नहीं. ऐसे में थाना प्रभारी ने पूरे मामले से एसपी को अवगत करवाया. एसपी ने थानेदार को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद थानेदार खुद ही वाहनों और पोकलेन को ढूंढने निकल पड़े. शनिवार की सुबह तक तीनों ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया. वहीं दोपहर में पोकलेन को गिद्धा के जंगल से बरामद किया गया. जबकि हाइवा की खोज में पुलिस की छापेमारी जारी है.

क्या है पूरा मामला

यहां बता दें कि किसगो और गिद्धा के इलाके में बड़े पैमाने पर पत्थर का अवैध खनन किया जा रहा है. यहां एक दो नहीं, बल्कि कई खदान संचालित हैं. यहां देर शाम को विस्फोट किया जाता है फिर पत्थर का अवैध खनन कर उसे हाइवा पर लादकर अलग-अलग इलाके में भेजा जाता है. इस खबर को शुक्रवार को ही ईटीवी भारत ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी.

“देवरी के सीओ के आवेदन पर अवैध खनन की प्राथमिकी दर्ज की गई है. खनन में इस्तेमाल पोकलेन को गिद्धा के जंगल से बरामद कर लिया गया है. साथ ही तीन ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है.”- महेश चंद्र, थाना प्रभारी, हीरोडीह