गिरिडीह में 26 दिव्यांग छात्रों को मिली बैटरी ट्राई साइकिल, आसान होगा आवागमन
गिरिडीह में 26 दिव्यांग छात्रों को मिली बैटरी ट्राई साइकिल, आसान होगा आवागमन
गिरिडीह जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों को सुगम आवागमन और आत्मनिर्भरता प्रदान करने के उद्देश्य से बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने प्लस टू जिला स्कूल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के 26 दिव्यांग छात्रों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई।
समाहरणालय परिसर में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर और जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर की मौजूदगी में दिव्यांग लाभुक कौशल कुमार यादव को भी ट्राई साइकिल दी गई। कौशल ने बताया कि आवागमन की परेशानी को लेकर उन्होंने उपायुक्त से शिकायत की थी, जिसके बाद संबंधित विभाग को कार्रवाई का निर्देश दिया गया और उन्हें यह सुविधा मिल सकी।
जिला प्रशासन ने कहा कि यह पहल केवल आवागमन सुविधा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर, सम्मानजनक और सुगम जीवन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उपायुक्त ने अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

