गिरिडीह कोर्ट से हत्या का आरोपी भागा, आम लोगों की बहादुरी से चंद मिनटों में पकड़ा गया
गिरिडीह कोर्ट से हत्या का आरोपी भागा, आम लोगों की बहादुरी से चंद मिनटों में पकड़ा गया
गिरिडीह के कोर्ट परिसर में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ह’त्या आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। यह वाकया दिन के वक्त हुआ, जब पुलिस धनवार थाना क्षेत्र के गरडीह गांव निवासी 25 वर्षीय बच्चू सिंह को ह’त्या मामले में कोर्ट में पेश करने लाई थी। आरोप है कि बच्चू सिंह ने हाल ही में 55 वर्षीय रवींद्र सिंह की कु,ल्हाड़ी से ह,मला कर ह’त्या की थी। कोर्ट ले जाने के दौरान, वो अचानक पुलिस की निगरानी से निकलकर टॉवर चौक की ओर भाग गया। हाथों में हथकड़ी लगी होने के बावजूद, उसकी तेजी ने पुलिस के होश उड़ा दिए। घटना के बाद कोर्ट परिसर और पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन अम्बेडकर चौक के पास, पंच मंदिर के समीप मौजूद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने साहस दिखाया और कैदी को दबोच लिया। सूचना मिलने के बाद, पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्चू सिंह को फिर से अपने काबू में लिया। इस घटना के बाद, एक ओर जहां आम नागरिकों की सूझबूझ की चर्चा हो रही है, वहीं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस विभाग ने लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से गिरिडीह में एक बड़ी घटना टल गई, लेकिन इस मामले ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी है।

