गिरिडीह कॉलेज पहुंची इग्नू की जांच टीम, ABVP के आरोपों की होगी पड़ताल

गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य सह इग्नू के डायरेक्ट प्रो. एम.एन. सिंह पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए केंद्रीय रीजनल सेंटर देवघर इग्नू की टीम गिरिडीह कॉलेज पहुंची। जांच के दौरान टीम ने कॉलेज में विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। छात्र संगठन अभाविप द्वारा फर्जी इनविजिलेटर की नियुक्ति सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। वहीं प्राचार्य एम.एन. सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया।
गिरिडीह कॉलेज में केंद्रीय इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जांच टीम ने पहुंचकर कॉलेज की व्यवस्था और लगाए गए आरोपों की पड़ताल की। टीम ने अध्ययन केंद्र से जुड़े अभिलेखों, परीक्षा व्यवस्था और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के दौरान टीम ने संबंधित दस्तावेजों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यह जांच एबीवीपी द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर की गई।
इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य सह इग्नू के डायरेक्ट प्रो. एम.एन. सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में इग्नू अध्ययन केंद्र के संचालन में सभी नियमों का पालन किया गया है और जांच टीम के समक्ष सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
फिलहाल इग्नू रीजनल सेंटर देवघर की टीम अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। अब सभी की नजर इस रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी है।