गिरिडीह कॉलेज के दो स्वयंसेवक IIT इंदौर में करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व

गिरिडीह कॉलेज के स्वयंसेवक रिया सिंह एवं सुधांशु कुमार आईआईटी इंदौर में करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व
गिरिडीह, 25 मई 2026 : गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के लिए गर्व का विषय है कि महाविद्यालय के सक्रिय स्वयंसेवक रिया सिंह एवं सुधांशु कुमार का चयन प्रतिष्ठित “युवा संगम” कार्यक्रम हेतु किया गया है। यह कार्यक्रम 25 मई 2026 से 3 जून 2026 तक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर में आयोजित होगा, जिसमें दोनों स्वयंसेवक झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उल्लेखनीय है कि “युवा संगम” कार्यक्रम भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एकता, भाईचारा एवं पारस्परिक समझ को मजबूत करना है।
रिया सिंह एवं सुधांशु कुमार वर्तमान में गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह के छात्र हैं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनहित कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। दोनों के चयन से महाविद्यालय परिवार, एनएसएस इकाई एवं जिले के युवाओं में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. डी.के. वर्मा ने दोनों स्वयंसेवकों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह गिरिडीह कॉलेज एवं एनएसएस इकाई के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ अन्य युवाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रिया सिंह एवं सुधांशु कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में अपने महाविद्यालय एवं राज्य का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व एवं सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से देश की विविध संस्कृति, परंपराओं एवं विभिन्न राज्यों के युवाओं के साथ संवाद एवं अनुभव साझा करने का अवसर प्राप्त होगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.एन. सिंह ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा, “गिरिडीह कॉलेज के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना हमारे संस्थान के लिए गौरव का विषय है। रिया सिंह एवं सुधांशु कुमार ने अपनी मेहनत, अनुशासन एवं सामाजिक प्रतिबद्धता के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। मुझे विश्वास है कि वे युवा संगम कार्यक्रम में झारखंड एवं गिरिडीह कॉलेज का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करेंगे तथा अपने अनुभवों से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेंगे।”
महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं एनएसएस पदाधिकारियों ने भी दोनों स्वयंसेवकों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।