गिरिडीह के कल्याणडीह नगर वन को मिलेगा नया रूप, शहरी पार्क निर्माण का शिलान्यास

गिरिडीह के कल्याणडीह नगर वन को मिलेगा नया रूप, शहरी पार्क निर्माण का शिलान्यास

गिरिडीह। गिरिडीह वन प्रक्षेत्र के कल्याणडीह स्थित नगर वन को शहरी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। वन महोत्सव के दौरान पर्यटन सह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार और महापौर प्रमिला मेहरा ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीणों के बीच फलदार पौधे और जूट के थैले वितरित किए गए तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए जागरूक किया गया।

वन विभाग के अनुसार, प्रस्तावित शहरी पार्क में हरित क्षेत्र का विस्तार, पैदल पथ, बैठने की व्यवस्था, पौधरोपण और कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ और हरा-भरा सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय पर्यावरण को बेहतर बनाना है। कार्यक्रम में पुलिस-प्रशासन, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।