गिरिडीह का टावर चौक अंधेरे में डूबा, पर्व की भीड़ के बीच दुर्घटना और अपराध का खतरा बढ़ा
गिरिडीह। शहर के हृदय कहे जाने वाले टावर चौक इन दिनों शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है। पर्व-त्योहारों के मौके पर यहां खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन शहर के सबसे व्यस्त चौक पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था न होने से आम नागरिक परेशान हैं। अंधेरे में पैदल चलने वालों, दुकानदारों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
टावर चौक से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले समय में रोशनी की कमी से चोरी, छीना-झपटी और सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। दुकानदारों का भी कहना है कि अंधेरे के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
गौरतलब है कि टावर चौक गिरिडीह नगर निगम के प्रमुख वाणिज्यिक और यातायात केंद्रों में शामिल है। नगर निगम ने इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने सहित अन्य व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया है, लेकिन स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और नियमित निगरानी पर अब भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर टावर चौक एवं आसपास के इलाकों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि पर्व के दौरान भीड़ को देखते हुए त्वरित कार्रवाई जरूरी है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।

