“गिरिडीह डीसी के अमानवीय व्यवहार के खिलाफ किसान जनता पार्टी का धरना प्रदर्शन”

जनता दरबार में उपायुक्त महोदय गिरिडीह द्वारा फरियादीयों के साथ अमानवीय व्यवहार करने के विरोध में किसान जनता पार्टी ने मंगलवार को झंडा मैदान गिरिडीह में धरना दिए | धरना को संबोधित करते हुए किसान जनता पार्टी के केन्द्रीय कमिटी अध्यक्ष -सह- अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा विधि सम्मत कार्य नही किए जाने व आम जनता को कानून द्वारा प्रदत अधिकारी से वंचित करने का शिकायत साक्ष्य के साथ जब उपायुक्त श्री राम निवास यादव के समक्ष किया जाता है तो उन्हें इतनी मिर्ची लगती है कि वे अपने गरिमामय पद को भूल जाते है और क्रूर जमींदारों की तरह चीख चिल्लाकर डराने वाले अंदाज में फरियादीयों को धमकाने लगते हैं | किसान जनता पार्टी के कार्यालय सचिव विजय कुमार ने कहा कि उपायुक्त यह चाहते हैं कि आम जनता का साधारण से साधारण काम भी गिरिडीह जिला का कोई अधिकारी कर्मचारी तभी करे जब उपायुक्त कार्यालय से संबंधित अधिकारी कर्मचारी को निर्देश मिले ताकि विवश होकर आम जनता को उपायुक्त के जनता दरबार में आना पड़े और उपायुक्त महोदय पीड़ित जनता को डांट फटकार के फरियादीयों पर अपना रौब झाड़ सके और भ्रष्ट अफसरों से अपनी वाहवाही करवा सके | किसान जनता पार्टी के संयोजक दासो मुर्मू ने कहा कि गिरिडीह जिला के जन प्रतिनिधियों में अगर आम जनता के प्रति थोड़ा सा भी हमदर्दी है तो उपायुक्त श्री राम निवास यादव द्वारा लगाए जा रहे जनता दरबार का लाइव प्रसारण कराने का मांग सरकार से करें | अगर लाइव प्रसारण होने लगेगा तो पता चलेगा कि जनता का जो काम पंचायत स्तर और प्रखंड स्तर पर ही हो जाना चाहिए था उसके लिए उपायुक्त गिरिडीह जिला के आम जनता को किस तरह से बार – बार जिला मुख्यालय आने को मजबूर कर रहे हैं | धरना के बाद दो मिनट का मौन रखकर दिशोम गुरु स्व० शिबू सोरेन के निधन पर श्रद्धांजली अर्पित किया गया तत्पश्चात निबंधित डाक के माध्यम से महामहिम राज्यपाल महोदय झारखण्ड को ज्ञापन भेजकर उपायुक्त गिरिडीह के जनता दरबार का लाइव प्रसारण कराने जनता दरबार में फरियादीयों द्वारा दिए गए आवेदन और उस पर हुई कार्रवाई को सार्वजानिक करने, उपायुक्त महोदय को फरियादीयों के साथ बुरा बर्ताव नहीं करने तथा फरियादीयों को अपनी बात रखने का अवसर देने का निर्देश देने का मांग किया गया | धरना में भागीरथ राय, घनश्याम पंडित, मुंशी मुर्मू, नीलम कुमारी, छत्रधारी सिंह, जोगेश्वर ठाकुर, बासदेव मरांडी, टिप्पण ठाकुर, थाम्मी मंडल, संझली हेम्ब्रोम, सदिक अंसारी, भरत गोप, जब्बार मियाँ, मो० मुस्लिम अंसारी, परशुराम महतो सहित अनेको किसान उपस्थित रहे |

You may have missed