गढ़वा में सियासी घमासान: पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने विधायक पर FIR की मांग की
गढ़वा विधायक पर मानहानि और धमकी का आरोप, FIR दर्ज कराने के लिए पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने दिया आवेदन
गढ़वा :– गढ़वा जिले में उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई. जब पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने स्थानीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया.
पूर्व मंत्री ने अपने आवेदन में बताया कि 22 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे सदर अस्पताल के सामने स्थित एक मेडिकल दुकान पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक और झूठे बयान दिए. आरोप है कि सार्वजनिक रूप से उन्हें “जमीन हड़पने वाला”, “धोखाधड़ी करने वाला” और “अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति” बताया गया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा.
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त बयान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित फेसबुक पेजों पर प्रसारित किए गए, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के बीच उनकी छवि प्रभावित हुई. पूर्व मंत्री ने पुलिस से इन डिजिटल साक्ष्यों (वीडियो, पोस्ट और लिंक) को सुरक्षित रखते हुए फॉरेंसिक जांच कराने तथा संबंधित प्लेटफॉर्म से तकनीकी विवरण (जैसे अपलोड का समय, तारीख और IP एड्रेस) जुटाने की मांग की है.
मिथिलेश ठाकुर का कहना है कि इन आरोपों के कारण समाज में उनके प्रति भ्रम और नकारात्मक धारणा बनी है, जिससे उन्हें मानसिक तनाव और अपमान का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में इस तरह के और बयान देकर उनकी छवि को और नुकसान पहुंचाया जा सकता है.
आवेदन में आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों का भी जिक्र करते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है. साथ ही भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं- मानहानि, आपराधिक धमकी और जानबूझकर अपमान- के तहत FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई है. पूर्व मंत्री ने प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि कानून के दायरे में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

