गढ़वा में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का छठा दिन: 50 मरीजों की हुई जांच
गढ़वा: गढ़वा शहर के कचहरी रोड स्थित जनता डेंटल क्लिनिक में चल रहे निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का छठा दिन गुरुवार को भी मरीजों की भीड़ रही। सुबह से ही लोग अपने दंत समस्याओं की जांच कराने क्लिनिक पहुंचने लगे। शिविर में कुल 50 मरीजों के दांतों की जांच की गई। इस दौरान मरीजों को दंत रोगों की रोकथाम, उपचार और साफ-सफाई संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर में दांतों की जांच गढ़वा जिले के प्रसिद्ध दंत रोग विशेषज्ञ डॉ एम एन खान ने की। डॉ एम एन खान ने मरीजों के दांतों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण कर उचित इलाज की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और खान-पान की अनियमितता के कारण लोगों में दांतों से संबंधित समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में लोग दर्द बढ़ जाने के बाद ही चिकित्सक के पास आते हैं।जिससे समस्या जटिल हो जाती है। शुरुआती अवस्था में इलाज कराने से दांतों को सुरक्षित रखा जा सकता है। शिविर में आए मरीजों में दांतों में दर्द, मसूड़ों से खून आना, दांतों में सड़न, पायरिया, पथरी जमना तथा बदबू जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से देखने को मिलीं। डॉ एम एन खान ने सभी मरीजों को ब्रश करने का सही तरीका बताया और दिन में दो बार ब्रश करने, मीठे पदार्थ कम खाने तथा नियमित रूप से गुनगुने पानी और नमक से कुल्ला करने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों में बढ़ती दंत समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जागरूकता ही इन समस्याओं से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
शिविर आयोजक जनता डेंटल क्लिनिक के प्रबंधक के लोगों ने कहा कि इस निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक दंत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लोग अक्सर दांतों का उपचार कराने में असमर्थ रहते हैं। ऐसे में यह शिविर उनके लिए काफी मददगार साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

