गढ़वा में जल्द शुरू होगी जुगनू ऐप सर्विस, बाइक-कार-रिक्शा की ऑनलाइन बुकिंग अब होगी और आसान

गढ़वा: जिले में आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार को चिनिया रोड स्थित एक होटल में ‘जुगनू ऐप’ के शुभारंभ को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। पलामू-गढ़वा संचालन प्रभारी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह ऐप आम यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों पर खास फोकस

संचालक ने कहा कि अब तक अधिकांश कैब या ट्रांसपोर्ट ऐप सिर्फ शहरों तक सीमित रहते थे, लेकिन जुगनू ऐप की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यह सेवा पलामू और गढ़वा के ग्रामीण इलाकों में भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी। ऐप के माध्यम से बाइक, ई-रिक्शा, ऑटो और कार की बुकिंग बेहद आसान होगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए यह ऐप रोज़गार का बड़ा अवसर लेकर आएगा। स्थानीय ड्राइवर सीधे कंपनी से जुड़ सकते हैं और डिजिटल माध्यम से यात्रियों के अनुरोध प्राप्त कर सकेंगे।

यात्रियों के लिए सुरक्षित और किफायती सेवा

कंपनी ने दावा किया कि जुगनू ऐप की किराया संरचना स्थानीय बाजार दरों के अनुरूप है, जिससे यात्रा सस्ती होगी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ऐप में ये सुविधाएँ उपलब्ध होंगा

GPS ट्रैकिंग

राइड डिटेल शेयरिंग

ड्राइवर वेरिफिकेशन

24×7 हेल्पलाइन सपोर्ट

यात्री ऐप के अंदर से ही ड्राइवर की पूरी जानकारी देख सकेंगे, जिससे भरोसेमंद यात्रा सुनिश्चित होगी।

ड्राइवरों को मिलेगा रोजगार और बोनस

संचालन प्रभारी ने बताया कि जुगनू ऐप का ड्राइवर पार्टनर मॉडल युवाओं के लिए नियमित आय का ज़रिया बन सकता है। बाइक, ऑटो या कार चलाने वाले लोग आसानी से ऐप से जुड़ सकते हैं। साथ ही समय पर और सुरक्षित सेवा देने वाले ड्राइवरों को विशेष बोनस और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

ऐसे करें ऐप का इस्तेमाल

जुगनू ऐप फिलहाल एंड्रॉयड पर उपलब्ध है, और iOS पर भी उपलब्ध है।

ऐप डाउनलोड करने के बाद यात्री

  1. मोबाइल नंबर से लॉगिन करेंगे
  2. नजदीकी वाहन, किराया और समय की जानकारी देख सकेंगे
  3. बाइक, ई-रिक्शा या कार बुक कर पाएंगे

यात्रा पूरी होने पर यात्री ड्राइवर को रेटिंग भी दे सकेंगे, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी।

स्थानीय लोगों में उत्साह

लॉन्चिंग कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों ने कहा कि जुगनू ऐप खासकर छात्रों, कामकाजी लोगों और रोज़मर्रा के यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। कंपनी ने जिला प्रशासन से उचित सहयोग की उम्मीद जताई है, ताकि ट्रैफिक नियम और मार्ग दरों के निर्धारण में सुगमता बनी रहे।

डिजिटल परिवहन की ओर कदम

जुगनू ऐप की शुरुआत को पलामू-गढ़वा क्षेत्र में डिजिटल ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने वाले एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। यदि यह सेवा सफल होती है, तो छोटे जिलों में भी बड़े शहरों जैसी आधुनिक यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।