गढ़वा में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की तैयारी पूरी, 41 केंद्रों पर 4500 विद्यार्थी देंगे परीक्षा

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की तैयारी पूरी, 4500 विद्यार्थी लिखेंगे परीक्षा
सभी 41 परीक्षा केंद्रों के लिये वीक्षकों को मिला सीलबंद प्रश्न पत्र व उत्तर पुस्तिका
गढ़वा : अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2026 की तैयारी गढ़वा जिले में पूरी कर ली गई है. कल शनिवार 19 सितंबर को होने वाली भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के लिए आज सभी विद्यालय के वीक्षकों के बीच प्रश्न पत्र और ओएमआर सीट का वितरण स्थानीय बीएसकेडी पब्लिक स्कूल परिसर स्थित जिला परीक्षा नियंत्रण केंद्र से किया गया. इसकी जानकारी देते हुये परीक्षा के जिला संयोजक संजय सोनी ने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में इस वर्ष जिले भर के 70 विद्यालय शामिल हो रहे हैं. जिनके लिए उनकी सुविधानुसार 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन सभी परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शी रूप से परीक्षा संपन्न करने के लिए संबंधित विद्यालय के सहयोग से 80 वीक्षक बनाये गये हैं. उन्होंने बताया कि परीक्षा शनिवार को पूर्वाह्न 11:00 से 12:30 बजे तक होगी. श्री सोनी ने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 19 सितंबर को पूरे देश में एक ही साथ आयोजित की जाती है. जिसमें करीब 50 लाख से ऊपर परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं. परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, सामान्य ज्ञान के साथ-साथ भारतीय संस्कृति से जुड़ी विविध जानकारी दी जाती है. आज प्रश्न पत्र और ओएमआर के वितरण में परीक्षा प्रभारी सूरजमल चौधरी, सह प्रभारी अखिलेश कुशवाहा, जिला समन्वयक विनोद पाठक, राजीव रंजन चौधरी, निस्बत खान, परशुराम दूबे, अनिल विश्कर्मा, पंकज गुप्ता आदि उपस्थित थे.