धुरकी में 21 मवेशियों से लदा ट्रक जब्त, चार भैंसों की मौत; दो आरोपी गिरफ्तार

21 मवेशियों से लदा ट्रक जब्त, चार भैंसों की मौत, दो गिरफ्तार

धुरकी थाना क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 मवेशियों से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापामारी अभियान चलाकर ट्रक संख्या UP 70 AT 8773 को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, ट्रक में चोरी-छिपे भैंस एवं भैंसा को बांधकर अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। मवेशियों को कथित रूप से निर्दयतापूर्वक ट्रक में ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस जांच के दौरान ट्रक से कुल 21 मवेशी बरामद किए गए, जिसमें चार भैंसों की मृत्यु हो चुकी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक नसीम अहमद, उम्र करीब 28 वर्ष, पिता स्वर्गीय रशीद अहमद, निवासी अब्दुल्लाहपुर, रोही, थाना कोकराज, जिला कौशांबी, उत्तर प्रदेश तथा पप्पू कुरैशी, उम्र करीब 35 वर्ष, पिता स्वर्गीय गफ्फार कुरैशी, निवासी बानोदी, थाना मोहनिया, भभुआ रोड, जिला कैमूर, बिहार को गिरफ्तार किया।
इस मामले में धुरकी थाना कांड संख्या 126/26, दिनांक 18 सितंबर 2026 के तहत चालक, सहयोगी एवं वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।