कोडरमा। महानिदेशक सह महासमादेष्टा अनिल पलटा के निर्देशानुसार तथा नियमानुसार गृह रक्षक नव नामांकन संबंधित शारीरिक दक्षता व लिखित परीक्षा कराया जा रहा है। आज दूसरे दिन भी गृह रक्षक नव नामांकन हेतु कोडरमा जिले के ग्रामीण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक जांच परीक्षा एवं हिन्दी लेखन क्षमता परीक्षा का आयोजन किया गया। कदाचार मुक्त, शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में परीक्षा सम्पन्न कराये जाने के लिए पर्याप्त मात्रा में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल (महिला पुलिस बल सहित) की प्रतिनियुक्ति की गई। इसके तहत कोडरमा थर्मल पावर प्लांट जाने वाली फोर लेन पर ट्रैक बनाया गया, जिसमें अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। उसके उपरांत दौड़ में चयनित अभ्यर्थियों ने लंबी कूद, ऊंची कूद, गोल फेंक, शारीरिक माप व लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया। इसके अलावे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए स्टैटिक कैमरे और ड्रोन कैमरे से नजर रखी गयी। परीक्षा स्थल पर आये अभ्यर्थियों के लिए पेयजल एवं सभी बेसिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। हेल्थ चेकअप के लिए मेडिकल टीम तैनात रही।
बता दें कि गृह रक्षक नव नामांकन हेतु दिनांक 29.09.2024 को कोडरमा / डोमचांच शहरी तकनीकी एवं गैर तकनीकी पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक जांच परीक्षा एवं हिन्दी लेखन क्षमता परीक्षा में कुल 630 अभ्यर्थियों में 353 उपस्थित हुए, जिसमें कुल 93 अभ्यर्थी शारीरिक जांच परीक्षा एवं हिन्दी लेखन क्षमता परीक्षा में निर्धारित मानक को पूरा किया, जिनका औपबंधिक अंक तालिका कोडरमा जिला की वेबसाइट www.koderma.nic.in पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी अपने वेबसाइट www.koderma.nic.in जाकर औपबंधिक अंक तालिका को देख सकते हैं। तकनीकी शहरी पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों का दक्षता परीक्षा दिनांक 07.10.2024 को बागीटांड, कोडरमा में आयोजित की जाएगी।
