एम.के. डीएवी पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता, जांच एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन

चियांकी, मेदिनीनगर | 24 दिसंबर 2025
एम.के. डीएवी पब्लिक स्कूल, चियांकी, मेदिनीनगर के जीवविज्ञान विभाग द्वारा विद्यालय की जीवविज्ञान प्रयोगशाला में स्वास्थ्य जागरूकता, जांच एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत रक्त समूह जांच, रक्तचाप जांच, बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) मूल्यांकन के साथ-साथ विद्यार्थियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. वर्षा कश्यप (एमएमसीएच) रहीं। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती इंद्राणी चटर्जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या ने मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में एमएमसीएच से आए चिकित्सकों डॉ. शुभम सौरव, डॉ. देवाशीष, डॉ. अमन कुमार एवं डॉ. राज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों को सीपीआर तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया, जो आपातकालीन परिस्थितियों में समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं जीवनरक्षक सिद्ध हो सकता है।
इस संपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन में जीवविज्ञान शिक्षक श्री तुषार घोष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनके कुशल मार्गदर्शन, सुनियोजित तैयारी एवं समन्वय से कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संपन्न किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ-साथ विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। मुख्य अतिथि डॉ. वर्षा कश्यप ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन कौशल के महत्व पर बल दिया। प्रधानाचार्या श्रीमती इंद्राणी चटर्जी ने इस प्रकार के समाजोपयोगी कार्यक्रमों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में जीवविज्ञान विभाग द्वारा सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।