एम.के. डी.ए.वी.की छात्रा को हिंदी ओलंपियाड में मिला अखिल भारतीय स्तर पर स्वर्ण पदक
एम.के. डी.ए.वी.की छात्रा को हिंदी ओलंपियाड में मिला अखिल भारतीय स्तर पर स्वर्ण पदक ।
15 फरवरी 2024 को एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल मेदिनी नगर की नवम कक्षा की छात्रा अद्रिजा राय चौधरी को अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2023 में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में अद्रिजा को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए, विद्यालय के प्राचार्य सह डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल्स झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी डॉक्टर जी. एन.खान ने बताया कि यह परीक्षा हिंदी ओलंपियाड फाऊंडेशन द्वारा सितंबर 2023 में आयोजित की गई थी। जिसमें अखिल भारतीय स्तर पर लाखों छात्रों ने प्रतिभाग किया।इनके बीच अद्रिजा ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। यह विद्यालय, उनके माता-पिता एवं पूरे पलामू के लिए गौरव की बात है । आज विज्ञान एवं तकनीकी विषयों पर अधिक बल देने के कारण भाषा, विशेष रूप से हिंदी के अध्ययन पर छात्र विशेष ध्यान नहीं देते हैं । डॉ. खान ने कहा कि कोरोना काल के उपरांत बच्चों में पठन-पाठन के प्रति अरुचि उत्पन्न हो गई थी। ऐसे में हमारा प्रयास बच्चों में रुचि जागृत करना, उन्हें पुस्तक पढ़ने एवं लिखित अभ्यास की आदत डालने के लिए प्रेरित करना है। हमारे प्रयास ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है।
अद्रिजा का यह प्रदर्शन सराहनीय है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी सभी परीक्षाओं में उनकी सफलता हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूं ।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री आलोक कुमार, हिंदी शिक्षक श्री कन्हैया राय,श्री प्रदीप बोराल,श्री शेखर सिन्हा, श्री नीरज सिन्हा,श्री अनंत पाठक,सुश्री अनुश्री चक्रवर्ती सहित सभी शिक्षक उपस्थित थे। मंच संचालन सुश्री सुदेशना राय ने किया।
