ईद-ए-मिलाद-उन्नबी को लेकर गिरिडीह में शांति समिति की बैठक, ड्रोन से होगी निगरानी
गिरिडीह। ईद-ए-मिलाद-उन्नबी त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गिरिडीह मुफ्फसिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, मुखियाओं एवं गणमान्य लोगों के साथ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने को लेकर चर्चा की।
बैठक में पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी जितवाहन उरांव, बीडीओ गणेश रजक, पुलिस निरीक्षक सह मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत मुफ्फसिल क्षेत्र के मुखिया, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आगामी ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर लोगों से ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर लोग घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

