दो साल में जर्जर हुआ आंगनबाड़ी भवन, छज्जा गिरने से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के गढ़वाटांड़ से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कई वर्षों के इंतजार के बाद बनाया गया आंगनबाड़ी केंद्र महज दो वर्षों में ही बदहाली का शिकार हो गया है।
बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लगभग दो वर्ष बाद ही भवन की छत का छज्जा टूटकर गिर पड़ा। इससे भवन की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, इस आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली की समस्या भी बनी हुई है। बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों और लाभार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे चिंता की बात यह है कि जर्जर और क्षतिग्रस्त भवन के बावजूद लाभार्थियों को अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस भवन से बच्चों को सुरक्षित माहौल और सुविधाएं मिलनी चाहिए, वहीं भवन की स्थिति अब चिंता का कारण बन गई है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से आंगनबाड़ी केंद्र के भवन की तत्काल जांच कराने, टूटे हुए हिस्से की मरम्मत कराने और बिजली की समस्या का समाधान करने की मांग की है।

