धुरकी उच्च विद्यालय में छात्रों को किया गया जागरूक, साइबर क्राइम, नशा, दहेज व सड़क सुरक्षा पर हुई चर्चा

धुरकी उच्च विद्यालय में छात्रों को किया गया जागरूक, साइबर क्राइम, नशा, दहेज व सड़क सुरक्षा पर हुई चर्चा

धुरकी प्रतिनिधि।। धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरकी उच्च विद्यालय में बुधवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, दहेज प्रथा, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा तथा समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को इन समस्याओं के दुष्परिणामों और इससे बचने के उपायों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बढ़ते साइबर अपराध के मामलों से सतर्क रहना आवश्यक है और किसी भी अनजान लिंक या व्यक्ति से ऑनलाइन संवाद करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
दहेज प्रथा और नशाखोरी जैसे सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी बच्चों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि दहेज प्रथा समाज को दीमक की तरह खोखला कर रही है, वहीं नशा युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर ले जा रहा है। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और कम उम्र में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक चेतना विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना था। बच्चों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया और कई सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। विद्यालय प्राचार्य ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि छात्र सिर्फ शिक्षित ही नहीं, जागरूक भी बनें।

You may have missed