धुरकी बाजार में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस की कार्रवाई, 80 किलो जावा महुआ विनष्ट
धुरकी बाजार में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस की कार्रवाई, 80 किलो जावा महुआ विनष्ट
धुरकी थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धुरकी बाजार क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए करीब 80 किलोग्राम जावा महुआ को बरामद कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूजा पंडालों, बाजार एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वहीं थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

