डेयरी प्लांट के पास बनेगा नया पुलिस परिसर, 9 एकड़ जमीन होगी अधिग्रहित।

डेयरी प्लांट के पास बनेगा नया पुलिस परिसर, 9 एकड़ जमीन होगी अधिग्रहित।

गिरिडीह के पपरवाटांड़ स्थित निर्माणाधीन डेयरी प्लांट के समीप जल्द ही पुलिस विभाग का नया परिसर विकसित किया जाएगा। इसके लिए लगभग 9 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। शनिवार को उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने संबंधित स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित योजना की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित परिसर में साइबर थाना, महिला थाना और एससी/एसटी थाना को एक ही स्थान पर स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा डीएसपी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के आवास भी बनाए जाने की योजना है। अधिकारियों का मानना है कि सभी इकाइयों के एक स्थान पर संचालित होने से आम लोगों को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।
मौके पर सदर अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद, डीएसपी नीरज सिंह तथा कर्मचारी शंभु सिंह भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को योजना का प्रस्ताव जल्द राज्य मुख्यालय भेजने का सुझाव दिया, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।