देवघर में भीषण सड़क हादसा, स्कूल वैन और पिकअप की टक्कर में बच्ची की मौत

देवघर में भीषण सड़क हादसा, स्कूल वैन और पिकअप की टक्कर में बच्ची की मौत


देवघर जिले के चितरा-नारगी मेन रोड पर मंझलीबाद के समीप मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एमडी एकेडमी की एक स्कूली बच्ची की मौत हो गई, जबकि स्कूल वाहन में सवार करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नारगी मोड़ स्थित एमडी एकेडमी में छुट्टी होने के बाद स्कूल वाहन बच्चों को उनके घर पहुंचाने के लिए निकला था। इसी दौरान मंझलीबाद के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वैन ने स्कूल वैन में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल वैन में सवार कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल दो बच्चों का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।