डीसी को आवेदन देकर दखल कब्जा दिलाने की मांग, आमरण अनशन की दी चेतावनी

डीसी को आवेदन देकर दखल कब्जा दिलाने की मांग, आमरण अनशन की दी चेतावनी
गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र के तिवारी मरहटिया गांव निवासी ग्रामीणों ने न्यायालय के आदेश के बावजूद दखल कब्जा नहीं मिलने को लेकर उपायुक्त को आवेदन दिया है. आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि तिवारी मरहटिया गांव के खड़िया टोला स्थित विभिन्न खाता की 105.49 एकड़ रैयती जमीन है. इस जमीन से संबंधित मामले में झारखंड उच्च् न्यायालय, व्यवहार न्यायालय गढ़वा, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, उपायुक्त एवं अंचल पदाधिकारी के न्यायालय में उनके पक्ष में आदेश पारित हुआ है. इस आदेश पारित होने के बाद से वे दखल कब्जा के लिये भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें दखल कब्जा नहीं दिलाया जा रहा है. जब वे लोग स्वयं से जमीन पर जोतकोड़ करने एवं खेतीबारी करने जाते हैं, तो उनके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट किया जाता है. इस कारण वे उक्त जमीन पर कृषि सहित अन्य किसी भी प्रकार का कार्य नहीं कर पा रहे हैं. साथ ही द्वितीय पक्ष द्वारा हमेशा धमकी दिये जाने की वजह से विवाद की स्थिति भी बन गयी है, जो कभी भी हिंसक रूप ले सकता है. डीसी को दिये आवेदन में इस मामले में उचित न्याय नहीं मिलने पर आमरण अनशन करने की भी चेतावनी दी गयी है. आवेदन में भारद्वाज तिवारी, ओंकार तिवारी, उपेंद्र कुमार तिवारी, चंद्रमा तिवारी, सोनू तिवारी, सत्येंद्र बैठा, नारद तिवारी, नारायण बैठा, जयंत तिवारी आदि के हस्ताक्षर हैं.

You may have missed