दीपावली पर आरएसएस स्वयंसेवकों ने किया स्वच्छता व श्रद्धा का संगम — महापुरुषों के प्रति अर्पित किए दीप और श्रद्धासुमन
दीपावली पर आरएसएस स्वयंसेवकों ने किया स्वच्छता व श्रद्धा का संगम — महापुरुषों के प्रति अर्पित किए दीप और श्रद्धासुमन
गुमला – महापुरुष किसी जाति या समुदाय के नहीं होते, वे राष्ट्र की धरोहर हैं— इस विचार को साकार रूप देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) गुमला के स्वयंसेवकों ने दीपावली की सुबह सेवा और राष्ट्रभक्ति का अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया।
स्वयंसेवकों ने गुमला के प्रमुख स्थलों — संघ कार्यालय, शाखा स्थल, अमर जवान ज्योति, शहीद स्मारक, महापुरुषों के स्मृति स्थल, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के स्मारकों — पर स्वच्छता अभियान चलाया। सफाई के बाद उन्होंने “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीत — “उठो साथियों, समय नहीं है यह शोभा सिंगर का, आज चुकाना है ऋण तुमको भारत मां के प्यार का” — मधुर स्वर में गाकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध का संदेश दिया।
आसपास के लोगों ने आरएसएस के इस कार्य की सराहना करते हुए उनके साथ सफाई अभियान में सहयोग किया और “भारत माता की जय” के उद्घोष से माहौल गूंज उठा।
संध्या के समय स्वयंसेवकों ने पुनः सभी प्रमुख स्मृति स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए और महापुरुषों एवं वीर शहीदों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।

