गुमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर बेचते दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा बरामद
गुमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर बेचते दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा बरामद
गुमला – गुमला पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, नकद और अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुमला थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर के नदी पुल के पास कुछ लड़कों द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही थी। सूचना के बाद पुलिस वाहन मौके पर पहुंची। जब पुलिस वहां पहुंची, तो एक लड़का भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान रोहित सिंह (22) पुत्र कन्हैया सिंह, ग्राम दुर्गा नगर, थाना गुमला के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिनका कुल वजन 2 ग्राम था। पूछताछ में रोहित ने बताया कि ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री अर्पित कुमार और उसकी बहन राखी कुमारी कर रहे हैं।
इसके बाद पुलिस ने रोहित के साथ अर्पित कुमार और राखी कुमारी के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक कमरे से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर (वजन 15 ग्राम), एक सिल्वर रंग की वेट मशीन, और 1,93,290 रुपये नकद बरामद हुए।
राखी कुमारी ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों भाई-बहन स्कूल और कॉलेज के छात्रों को ब्राउन शुगर बेचते हैं। जो लोग भुगतान नहीं करते, उनका मोबाइल बंधक रखा जाता है। अर्पित कुमार इस समय बाहर होने के कारण फरार है।
पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर रोहित सिंह और राखी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ज्ञात हो कि गुमला जिले में ब्राउन शुगर का अवैध व्यापार बड़े पैमाने पर चलता है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद यह धंधा फल-फूल रहा है।

