छठ पूजा को लेकर कांडी प्रशासन अलर्ट, प्रमुख घाटों पर गोताखोरों और पंचायत सहायकों की हुई तैनाती

: छठ महापर्व को लेकर विभिन्न घाटों पर गोताखोरों एवं पंचायत सहायकों की प्रतिनियुक्ति से संबंधित जारी प्रशासनिक आदेश।

कांडी प्रतिनिधि। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कांडी प्रखंड प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। छठ के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों में अर्घ्य देने के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख छठ घाटों पर गोताखोरों एवं पंचायत सहायकों की प्रतिनियुक्ति की है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रतिनियुक्त कर्मियों की सूची एवं उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट की हैं।
जारी प्रशासनिक आदेश के अनुसार, सतबहिनी तीर्थ स्थल छठ घाट पर गोताखोर रामलखन चौधरी एवं जमीदार चौधरी के साथ पंचायत सहायक कमलकिशोर तिवारी और शशिभूषण पांडेय की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, कांडी स्थित छठ तालाब में गोताखोर अजय चौधरी के साथ पंचायत सहायक नितेश कुमार एवं उमाशंकर राम को तैनात किया गया है।
इसी तरह सुंडीपुर घाट पर गोताखोर जयमुरत चौधरी के साथ पंचायत सहायक शंकर पासवान एवं केशव दास को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू करने के उद्देश्य से गोताखोर मुकेश चौधरी को कांडी थाना में रिजर्व रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें संबंधित घाट पर भेजा जा सके।
बीडीओ राजेश कुमार ने सभी प्रतिनियुक्त गोताखोरों एवं पंचायत सहायकों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित घाटों पर छठ पूजा के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही आवश्यक बचाव सामग्री के साथ पूरी सतर्कता बरतते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। प्रशासन ने संबंधित कर्मियों एवं अधिकारियों को आदेश की प्रतिलिपि भेजकर निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन की इस व्यवस्था से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाटों पर सुरक्षा उपलब्ध कराने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित बचाव कार्य संचालित करने में मदद मिलेगी।

You may have missed