छठ महापर्व को लेकर कांडी बाजार में फल-फूल एवं पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी करते श्रद्धालु

छठ महापर्व को लेकर कांडी बाजार में फल-फूल एवं पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी करते श्रद्धालु।

कांडी प्रतिनिधि। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर शुक्रवार को कांडी प्रखंड मुख्यालय का मुख्य बाजार श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा। सुबह से ही बाजार में खरीदारी के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते फल-फूल, फलाहार और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुट गई। बाजार में छठ पर्व को लेकर उत्साह और चहल-पहल का माहौल देखने को मिला। शनिवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होगी।
छठ पूजा को लेकर बाजार में सूप, दौरा, नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा, अंगूर, अनार, गुड़, लौकी, घी, मिठाई और अन्य पूजन सामग्रियों की दुकानें सजी हुई हैं। व्रती परिवार के सदस्य अपनी-अपनी जरूरत के अनुसार पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे रहे। खासकर फल और फलाहार की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली।
बाजार में उपलब्ध सामग्री की कीमतों पर नजर डालें तो दुकानदारों द्वारा बताई गई दरों के अनुसार गुड़ 70 रुपये, केला 60 रुपये, संतरा 120 रुपये, सेब 160 रुपये, अनार 70 रुपये प्रति पीस, अंगूर 260 रुपये, कच्चा नारियल 80 रुपये, लौकी 50 रुपये, दौरा 400 रुपये, बड़ा बेना 40 रुपये और सूप 16 रुपये की दर से उपलब्ध बताया गया। छठ पर्व को देखते हुए बाजार में इन सामग्रियों की मांग बढ़ गई है। खरीदारी के दौरान लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सामान लेते नजर आए।
गौरतलब है कि छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ लौकी की सब्जी, चना दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होता है। यह पर्व लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
इधर, बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह भी विधि-व्यवस्था को लेकर सक्रिय नजर आए। उन्होंने बाजार में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ आवागमन सुचारू रखने के लिए सतर्कता बरती। थाना प्रभारी ने छठ व्रतियों एवं आम लोगों से अपील की कि खरीदारी के दौरान धैर्य और संयम बनाए रखें तथा अपने वाहनों को सुरक्षित और निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें। सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़ा नहीं करें, ताकि बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को खरीदारी करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में छठ महापर्व मनाने की अपील की। बाजार में उमड़ी भीड़ और लोगों के उत्साह से कांडी क्षेत्र में छठ महापर्व की तैयारियां जोर पकड़ती नजर आईं।