छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कल मेदिनीनगर में छात्र न्याय सत्याग्रह
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कल मेदिनीनगर में छात्र न्याय सत्याग्रह
मेदिनीनगर, 11 अगस्त 2026। रांची में अपने अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में 12 अगस्त को मेदिनीनगर के कचहरी परिसर में “झारखंड छात्र न्याय सत्याग्रह—लाठी का जवाब लोकतंत्र से” आयोजित किया जाएगा। सत्याग्रह सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा और इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित करने की बात कही गई है।
सत्याग्रह के दौरान सूर्या सोनल सिंह एक दिवसीय शांतिपूर्ण अनशन पर बैठेंगे और काली पट्टी बांधकर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र अपने अधिकार और भविष्य को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं, ऐसे में उन पर लाठीचार्ज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “लाठी का जवाब लाठी से नहीं, लोकतंत्र से देंगे।”
सूर्या सोनल सिंह ने कहा कि छात्रों का संघर्ष केवल छात्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता और पूरे समाज के भविष्य से जुड़ा सवाल है। उन्होंने पलामू के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से 12 अगस्त को कचहरी परिसर पहुंचकर सत्याग्रह को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य किसी तरह का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन तक छात्रों की आवाज लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि एक दिन के अनशन के जरिए वे छात्रों के साथ अपनी एकजुटता जाहिर करेंगे और उनके न्याय, सम्मान एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग को मजबूती देंगे। सत्याग्रह के लिए स्थान कचहरी परिसर, मेदिनीनगर, समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजकों की ओर से संदेश दिया गया है—“लाठी का जवाब लोकतंत्र से देंगे, छात्रों की आवाज दबने नहीं देंगे।”

