छात्रों के समग्र विकास पर जोर, विश्रामपुर विश्वविद्यालय में कार्यशाला आयोजित
विश्रामपुर के नावाडीह कला स्थित रामचंद्र चन्द्रवंशी विश्वविद्यालय में परिणाम आधारित शिक्षा (OBE) विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न हो गया। कार्यशाला समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी,कुलपति डॉ संजय कुमार झा,रजिस्ट्रार डॉ देवाशीष मंडल,परीक्षा नियंत्रक डॉ नील कुमार सिंह,उप-निर्देशक अनुराग चंद्रवंशी व प्रशिक्षण प्लेसमेंट प्रमुख मनीषा सिंह बतौर अतिथि शामिल रहे। कुलाधिपति डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने का माध्यम न होकर छात्रों के समग्र विकास का केन्द्र होना चाहिए। उन्होंने छात्रों के कौशल विकास पर विशेष बल देते हुये कहा कि आने वाले समय में रोजगार व प्रतिस्पर्धा केवल ज्ञान पर नहीं बल्कि कौशल और दक्षता पर आधारित होगा। श्री चंद्रवंशी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों व समन्वयकों को परिणाम आधारित शिक्षा की अवधारणा से अवगत कराना तथा विद्यार्थियों को परिणाम आधारित शिक्षा प्रदान करने की दिशा में प्रेरित करना था।

