चेयरमैन अविनाश देव ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को किया सम्मानित

चेयरमैन अविनाश देव ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को किया सम्मानित

पलामू जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में संत मरियम्स स्कूल कजरी कैंपस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ी रिमेक सिंह ने 600 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल एवं 6000 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं सौरभ शुक्ला ने हाई जंप में गोल्ड मेडल तथा शॉट पुट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।

इन दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है। खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने के बाद विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि संत मरियम्स स्कूल कजरी कैंपस हमेशा से शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने आगे कहा, “आज हमारे खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। यह केवल खिलाड़ियों की नहीं बल्कि उनके अभिभावकों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों की मेहनत का भी परिणाम है। खेल बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता सिखाता है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, पलामू जिला एवं झारखंड का नाम रोशन करेंगे।”

विद्यालय की प्रार्थना सभा में भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जहां विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। मौके पर समन्वयक अमरेंद्र सर ने कहा कि विद्यालय लगातार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है और आने वाले समय में खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।

वहीं स्पोर्ट्स टीचर सुमित बर्मन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और समर्पण के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी विशेष तैयारी शुरू कर दी गई है।

मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।