बुद्ध पूर्णिमा पर सेवा का संकल्प: श्री सर्वेश्वरी समूह की महिलाओं ने अस्पताल के मरीजों व ठेला विक्रेताओं को बांटे ताड़ के पंखे
बुद्ध पूर्णिमा पर सेवा का संकल्प: श्री सर्वेश्वरी समूह की महिलाओं ने अस्पताल के मरीजों व ठेला विक्रेताओं को बांटे ताड़ के पंखे
गुमला। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री सर्वेश्वरी समूह की गुमला शाखा के महिला संगठन ने बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर सेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। संगठन की नीता हरीतिमा के नेतृत्व में महिलाओं ने सदर अस्पताल पहुंचकर इलाजरत 160 मरीजों के बीच ताड़ के पत्तों से बने देशी पंखे, ब्रेड तथा अघोरेश्वर संदेश का वितरण किया।
इस दौरान महिलाओं ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और ताड़ के पत्तों से निर्मित पंखों के पारंपरिक व औषधीय गुणों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक सामग्री से बने ये पंखे न केवल ठंडक प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी होते हैं।
अस्पताल में सेवा कार्य के पश्चात महिला समूह का जत्था शहर के जशपुर रोड स्थित सब्जी बाजार पहुंचा, जहां सड़क किनारे दुकान लगाकर बैठे सब्जी व फल विक्रेताओं के बीच भी ताड़ के पंखों का वितरण किया गया। भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे काम कर रहे इन विक्रेताओं ने इस पहल के लिए संगठन के प्रति आभार जताया।
इस सेवा अभियान में महिला संगठन की सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज के जरूरतमंद वर्ग तक राहत पहुंचाने का संदेश दिया। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर किया गया यह कार्य मानवीय संवेदना, सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम बनकर सामने आया।


