बरवाडीह के कुटमू चौक पर राजा मेदनी राय की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, लोगों में आक्रोश
बरवाडीह प्रखंड के कुटमू चौक से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां सार्वजनिक स्थल पर स्थापित राजा मेदनी राय की प्रतिमा को बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि प्रतिमा के चेहरे और हाथ के हिस्से को नुकसान पहुंचाया गया है। सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी, तो इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर रोष जताते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित ऐतिहासिक एवं सम्मानित व्यक्तित्व की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना गंभीर विषय है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लग सके।


