बोलबम यात्रियों के लिए डॉ. इलियास अंसारी की पहल, श्रद्धालुओं को मुफ्त मिलेगी आवश्यक सामग्री

सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर भोलेनाथ के दर्शन के लिए बोलबम यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के उद्देश्य से मेराल प्रखंड के बिकताम पंचायत के युवा समाजसेवी डॉ. मो. इलियास अंसारी ने श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करने की पहल की है। उन्होंने घोषणा किया है कि पंचायत क्षेत्र से बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर बोलबम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के बीच पूजन एवं यात्रा में उपयोगी सामग्री का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है।

डॉ. इलियास अंसारी ने पंचायत के सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति इस वर्ष बोलबम यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं, वे समय रहते अपनी जानकारी उपलब्ध करा दें, ताकि सामग्री वितरण की समुचित व्यवस्था की जा सके। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को अपना नाम, गांव एवं मोबाइल नंबर व्हाट्सएप के माध्यम से 9939569342 पर भेजना होगा।
उन्होंने कहा कि बोलबम यात्रा आस्था, श्रद्धा और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है। ऐसे में यात्रियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। इसी भावना के साथ यह पहल की जा रही है, ताकि पंचायत के श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सामग्री के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डॉ. इलियास अंसारी ने यह भी कहा कि सामग्री वितरण की तिथि एवं स्थान की सूचना सभी पंजीकृत श्रद्धालुओं को अलग से उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने पंचायत के सभी बोलबम यात्रियों से निर्धारित समय के भीतर अपनी जानकारी साझा करने का अनुरोध किया, ताकि वितरण कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने पंचायत वासियों से इस सेवा कार्य में सहयोग की भी अपील की और कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों को सफल बनाया जा सकता है। पंचायत क्षेत्र में उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। उन्होंने अधिक से अधिक इस धार्मिक यात्रा के मुहिम में जुड़ने की अपील किया है।