बिना कोच नेशनल में ब्रॉन्ज जीतने वाली पलामू की सुहानी को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण, सुदेश महतो ने दिया भरोसा
बिना प्रशिक्षक के शॉट पॉट थ्रो के नेशनल में सुहानी ने जीता ब्रॉन्ज,राजस्तरीय मे गोल्ड ,पलामू का बढ़ाया मान : चंद्रशेखर सिंह छोटू
चंद्रशेखर सिंह छोटू लिधकी गांव पहुंचकर सुहानी का बढ़ाया हौसला
सुदेश महतो ने सिल्ली खेल अकादमी में प्रशिक्षण दिलाने का दिया भरोसा
मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू की बेटी सुहानी सिंह ने अपनी प्रतिभा व मेहनत के दम पर ईस्ट जोन नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल एवं राज्यस्तरीय प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर पलामू जिले का मान बढ़ाया है। बिना किसी प्रशिक्षक के शॉट पॉट थ्रो में शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करना सुहानी की प्रतिभा, लगन व खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। सुहानी की इस उपलब्धि पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह डालटनगंज विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर सिंह छोटू ने प्रसन्नता जताते हुए इसे पूरे पलामू के लिए गौरव का क्षण बताया है।
सुहानी की सफलता की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को चंद्रशेखर सिंह छोटू चैनपुर थाना क्षेत्र के लिधकी गांव पहुंचे व सुहानी से मुलाकात कर उसे शौल ओढ़ाकर व गुलदस्ता देकर उसकी हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों व बिना किसी प्रशिक्षक के शॉट पॉट थ्रो में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। सुहानी में आगे बढ़ने का जुनून और कुछ कर गुजरने का जज्बा है। उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले तो वह भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर पलामू के साथ अपने पिता आनंद सिंह का नाम भी रोशन करेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी क्षमता के दम पर देश-दुनिया में पहचान बना सकें। सुहानी की उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है। इस दौरान आजसू पार्टी के नेता बबलू डोगरा और सुनील कुमार भी मौजूद थे।
बताते चलें कि बिहार की राजधानी पटना में आयोजित 37वीं ईस्ट जोन नेशनल जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पलामू की सुहानी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। एवं झारखंड राज्य स्तरीय प्रतिस्पर्धा में भाग लेकर गोल्ड मेडल जीता। सुहानी की इस सफलता से पलामू के खेल प्रेमियों में खुशी है। अब बेहतर प्रशिक्षण के जरिए उससे और बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद की जा रही है।
बॉक्स…
सुहानी को सिल्ली खेलअकादमी से जोड़ प्रतिभा को देंगे मौका : सुदेश महतो
मेदिनीनगर (पलामू) : सुहानी सिंह की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से चंद्रशेखर सिंह छोटू ने आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो से बातचीत किया। उन्होंने सुहानी की उपलब्धि और बिना प्रशिक्षक के शॉट पॉट थ्रो थ्रो के नेशनल में ब्रॉन्ज मेडल एवं राज्य स्तरीय प्रति स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने की पूरी जानकारी दी। इस पर सुदेश महतो ने तत्काल सुहानी से फोन पर बात कर उसकी सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं साथ ही उज्ज्वल भविष्य की कामना किया । उन्होंने सुहानी को सिल्ली खेल अकादमी से जोड़कर बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की बात कही। जिससे सुहानी को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सकेगा।

