बिजली संकट पर हरिहरगंज में किसानों का प्रदर्शन, सुधार नहीं हुआ तो सड़क जाम की चेतावनी

बिजली संकट पर हरिहरगंज में किसानों का प्रदर्शन, सुधार नहीं हुआ तो सड़क जाम की चेतावनी

पलामू के हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर किसानों का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर दिखाई दिया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश यादव किसानों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे और आरोप लगाया कि कोटिला, कुलहिया, घाघरा सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में कई दिनों से पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी से लगातार पांच दिनों तक संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

धरना स्थल पर पहुंचे हरिहरगंज के अंचल अधिकारी (सीओ) ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। कमलेश यादव ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो किसान बेल, कुदाल और ट्रैक्टर के साथ सड़क जाम करेंगे। उनका कहना है कि बिजली की कमी के कारण किसानों की फसल और धान की नर्सरी (बीया) को भारी नुकसान हो रहा है।हरिहरगंज संवाददाता मनोज कुमार गुप्ता