भीम आर्मी ने पलामू में भूमि माफियाओं को चेतावनी दी, कहा – कमजोर वर्ग की जमीन हड़पना नहीं होगा आसान

पलामू जिले में भूमि माफियाओं द्वारा दलित और आदिवासी समाज की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश को लेकर भीम आर्मी ने कड़ा रुख अपनाया है। भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष चंदू कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि भूमि माफियाओं का यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।

चियाकी क्षेत्र में आदिवासी समुदाय की जमीन को कथित रूप से माफियाओं द्वारा लूटे जाने के मामले पर मीडिया से बातचीत करते हुए चंदू कुमार ने कहा कि दलित, आदिवासी और असहाय लोगों की जमीन पर कब्जा करने की सोच रखने वाले माफियाओं को करारा जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भूमि माफियाओं ने शायद यह सोच लिया होगा कि गरीब और कमजोर वर्ग अपनी जमीन बचा नहीं पाएंगे, लेकिन यह उनकी सबसे बड़ी भूल है। भीम आर्मी अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर प्रशासन तक संघर्ष करेगी।

चंदू कुमार ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे माफियाओं पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित दलित-आदिवासी परिवारों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जमीन हड़पने की कोशिश जारी रही, तो भीम आर्मी बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।