भाकपा की जनसंपर्क पदयात्रा छठे दिन चैनपुर पहुंची, 11 नवंबर को प्रखंड कार्यालय घेराव का ऐलान
भाकपा की जनसंपर्क पदयात्रा छठे दिन चैनपुर पहुंची, 11 नवंबर को प्रखंड कार्यालय घेराव का ऐलान
मेदिनीनगर,पलामू: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जनसंपर्क पदयात्रा शनिवार को छठे दिन चैनपुर क्षेत्र के डुमरी, अवसाने, कल्याणपुर सहित कई ग्रामीण इलाकों से होती हुई चैनपुर बाजार पहुंची। इस दौरान पार्टी के जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता कर पदयात्रा के उद्देश्य और आगामी आंदोलन की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि भाकपा पूरे पलामू जिले में आम जनता की मूल समस्याओं को लेकर गांव-गांव पदयात्रा कर रही है। इसी कड़ी में चैनपुर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनसमस्याओं को लेकर जनसंपर्क और जनसंवाद का अभियान चलाया जा रहा है।
श्री तिवारी ने कहा कि ग्रामीणों की अधिकांश समस्याओं का समाधान प्रखंड, अंचल और जिला स्तर से ही संभव है, लेकिन यहां के कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चैनपुर प्रखंड कार्यालय में सीओ, बीडीओ और पंचायत सेवकों द्वारा जनता से खुलेआम घूसखोरी की जा रही है, जिससे आम जनता त्रस्त है।
उन्होंने कहा कि जो अधिकारी जनता के नौकर हैं, वे अपने आप को जनता का मालिक बन बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वैसे भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मियों पर अब लगाम लगाना जरूरी हो गया है। आम जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान और नौकरशाहों पर लगाम लगाने की मांग को लेकर भाकपा 11 नवंबर को चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन और घेराव करेगी।उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने हक और अधिकार की लड़ाई में हजारों की संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें।इस अवसर पर राज्य कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र सिंह, अभय कुमार भुइंया, प्रभु साह, शंभू सिंह चेरो, रामगढ़ प्रखंड प्रभारी जमालुद्दीन, कमलेश पाल, कृष्ण मुरारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

