भादो पूर्णिमा पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख भक्तों ने किए दर्शन

भादो पूर्णिमा के अवसर पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए एक लाख से अधिक भक्तों ने बाबा बैद्यनाथ के दर्शन किए और जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इस दिन बाबा बैद्यनाथ की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। स्थानीय परंपरा के अनुसार, जिन परिवारों के घर गो माता रहती हैं, उनके द्वारा गो माता के पहले दूध से बाबा का अभिषेक किया जाता है। इस विशेष परंपरा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। भादो पूर्णिमा के अगले दिन से पितृ पक्ष की शुरुआत होने के कारण भी बड़ी संख्या में लोग इससे पहले बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने बाबा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की