बगोदर-सरिया रोड पर बड़ा हादसा टला, अचानक सड़क पर गिरा विशाल सूखा बरगद

गिरिडीह के बगोदर-सरिया रोड पर बुधवार को उस वक्त बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दोंदलो के समीप सड़क किनारे खड़ा एक विशाल सूखा बरगद का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा।

राहत की बात यह रही कि पेड़ गिरने के समय सड़क से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि पेड़ गिरने से कुछ ही क्षण पहले यात्रियों से भरा एक टेम्पो उसी जगह से होकर गुजरा था। अगर पेड़ कुछ देर पहले गिर जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क किनारे मौजूद सूखे और जर्जर पेड़ों को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते अगर सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटा दिया जाए, तो भविष्य में होने वाली बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।